Outsource Employee News: आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर! ‘2 महीने’ का वेतन देने के निर्देश जारी

Outsource Employee News: सेवढ़ा नगर परिषद में पिछले तीन दिनों से चल रही स्थाई और आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। प्रशासन और नगर परिषद की ओर से कर्मचारियों की प्रमुख मांगों के निराकरण का भरोसा दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया और नगर में सफाई व्यवस्था बहाल हो गई है।

हड़ताल समाप्त कराने के लिए प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र जाटव, एसडीओपी अजय चानना और नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद नागिल धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के सकारात्मक रुख के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने पर सहमति जताई।

इन मांगों को लेकर कर्मचारी थे हड़ताल पर

सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नाराज थे। प्रमुख मांगों में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलना, सुरक्षा किटों की कमी, ठेकेदार द्वारा शोषण, पहले की बकाया सैलरी का भुगतान और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। कर्मचारियों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी, जिसके चलते उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

दो महीने का वेतन देने के निर्देश

नगर परिषद सेवढ़ा की ओर से कर्मचारियों को आश्वस्त किया गया है कि नवंबर और दिसंबर 2025 का बकाया वेतन जल्द दिया जाएगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि वेतन भुगतान में हुई देरी को गंभीरता से लिया गया है और ठेकेदार से जानकारी लेकर दो दिनों के भीतर दोनों महीनों का वेतन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को दस्ताने, मास्क और अन्य सुरक्षा किट उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया गया है। नगर परिषद ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की अन्य मांगों पर विचार किया जा रहा है और उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

कर्मचारियों में संतोष, सफाई व्यवस्था बहाल

प्रशासन के आश्वासन के बाद कर्मचारियों में संतोष देखने को मिला और उन्होंने काम पर लौटते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को फिर से सुचारू कर दिया। नगर परिषद ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाएगा, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Leave a Comment